
जनगणना 2027 को लेकर मधुबनी प्रशासन अलर्ट: 7 कोषांग गठित, 30 अक्टूबर से शुरू होगा अधिकारियों का प्रशिक्षण
मधुबनी, 29 अक्टूबर। जिले में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण जनगणना परिगणना के सफल और समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसके लिए जिला स्तर पर 7 कोषांगों का गठन किया गया है। हर कोषांग के लिए नोडल पदाधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं। जनगणना कार्य को व्यवस्थित ढंग से संपादित करने, कर्मियों की उपलब्धता और तकनीकी सहयोग के लिए इन कोषांगों का गठन किया गया है।
कौन सा कोषांग, किसके जिम्मे –
1. कार्मिक प्रबंधन कोषांग – नोडल: जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी। प्रगणक-पर्यवेक्षकों का डेटाबेस और पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग।
2. प्रशिक्षण प्रबंधन कोषांग – नोडल: नगर आयुक्त, मधुबनी। ट्रेनिंग कैलेंडर, सामग्री और हिंदी-मैथिली में वीडियो रिकॉर्डिंग। मधुबनी फर्स्ट यूट्यूब चैनल पर पॉडकास्ट भी।
3. मीडिया एवं सोशल मीडिया कोषांग- नोडल: जिला जनसंपर्क पदाधिकारी। जनगणना को लेकर जागरूकता और प्रचार-प्रसार।
4. अनुश्रवण कोषांग- नोडल: अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन। सभी कोषांगों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट और समीक्षा।
5. हेल्पलाइन कोषांग- नोडल: उप निर्वाचन पदाधिकारी। जिला नियंत्रण कक्ष और शिकायतों का निष्पादन।
6. आईटी प्रबंधन कोषांग- नोडल: आईटी मैनेजर। हार्डवेयर-सॉफ्टवेयर और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की व्यवस्था।
7. जनगणना प्रबंधन कोषांग- नोडल: समाहर्ता, राजस्व। पूरे जनगणना कार्य की निगरानी और निर्देश।
प्रशिक्षण कब से?
जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों और कर्मियों का प्रशिक्षण 30-31 अक्टूबर और 1 से 6 नवंबर तक डीआरडीए सभागार में होगा। इसमें जनगणना की प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।



