क्राइम

दशहरा की खुशियां मातम में बदली, पलामू में 4 की मौत

पलामू- 20 अक्टूबर। जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान अलग अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। इस दौरान तीन की मौत डूबने से हुई। एक की मौत सड़क हादसे में हुई। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई।

खेत में सब्जियों के पौधों की सिंचाई करने गए किसान अंबेडकर कुमार पासवान (३५) की कुएं में डूबने से मौत हो गई। वहीं बेल बिगहा पंचायत के नावाडीह गांव निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग की ठेंगो गांव के समीप कररबार नदी के डैम में डूबने से मौत हो गई। दोनों शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार को किया गया। पतरा कला गांव निवासी स्व रामानंदन पासवान के पुत्र अंबेडकर कुमार पासवान रविवार को खेत में सब्जियों की सिंचाई करने गए थे। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में जुटे थे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला तो थाना में सूचना दी थी। इसी बीच सोमवार की शाम गांव की एक महिला की नजर कुएं में पड़े शव पर पड़ी। महिला ने ग्रामीणों और परिजनों को इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। आशंका है कि पटवन के लिए कुएं से पानी भरने के दौरान पैर फिसलने से कुएं में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। इधर, बेल बिगहा पंचायत के नावाडीह गांव निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग की ठेंगो गांव के समीप कररबार नदी के डैम में डूबने से मौत हो गई। सोमवार की शाम हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों ने बुजुर्ग को बाहर निकालने का प्रयास किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया।

उधर, जिले के पाटन थाना क्षेत्र के केल्हार गांव निवासी आशीष ठाकुर (22) की गांव के शिव नदी मंदिर के पास तालाब में डूबने से मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मेदिनीनगर-पड़वा मुख्य मार्ग पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक जाउल हक (22) और जख्मी अंसारी (12) दोनों सगे भाई हैं। घटना पड़वा थाना क्षेत्र के गाड़ी गांव के पास हुई, जहां सब्जी लदे पिकअप वाहन और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। जाउल अपने भाई के साथ बाइक से छतरपुर से मेदिनीनगर आ रहे थे। वहीं सब्जी लोड पिकअप मेदिनीनगर की ओर से जा रहा था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पड़वा थाना की पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे घायल युवक का इलाज जारी है। हादसे के बाद पिकअप छोड़कर चालक फरार हो गया। पड़वा थाना की पुलिस दुर्घटनाग्रस्त बाइक और सब्जी लदे पिकअप वाहन को जब्त कर थाना ले गई। पिकअप चालक और उसके मालिक का पता लगाने में पुलिस जुटी है। एमएमसीएच में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!