
CJP नेता आशुतोष रांका और सौरव दास ने न्यायिक हिरासत बढ़ाने को हाई कोर्ट में दी चुनौती
नई दिल्ली- 20 अक्टूबर। काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका ने आज दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर अपनी न्यायिक हिरासत बढ़ाए जाने के खिलाफ तत्काल सुनवाई की मांग की है। दास और रांका ने उच्च न्यायालय में रात के समय सुनवाई का आग्रह किया है, जबकि दशहरा की छुट्टियों के कारण इस हफ्ते उच्च न्यायालय बंद है।
स्पेशल एक्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (एसईएम) ने 19 अक्टूबर को दोनों की न्यायिक हिरासत दो दिनों के लिए बढ़ा दी थी। सीजेपी के दोनों नेता 14 अक्टूबर से जेल में हैं। दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के १४ सदस्यों के खिलाफ कनॉट प्लेस और पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।
पुलिस के मुताबिक 13 अक्टूबर को सीजेपी के ये सदस्य प्रतिबंधित जंतर-मंतर पर निजी परिसर के रास्ते पहुंचे और पुलिसकर्मियों के काम में बाधा डाली। दिल्ली पुलिस ने सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की है।



