
MADHUBANI: सड़क हादसे में पुलिस केंद्र के चालक की मौत, NH-27 पर बोलेरो अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराई
मधुबनी- 20 अक्टूबर। मंगलवार आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस केन्द्र मधुबनी की वाहन के चालक तेज नारायण साह की ड्यूटी के क्रम में मौत हो गई। वरीय पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस केन्द्र, मधुबनी का बोलेरो फुलपरास थाना क्षेत्र के खोपा में ड्यूटी पर था। इसी दौरान एनएच-27 पर सड़क के गड्ढे में टायर चले जाने से वाहन अनियंत्रित होकर एक ट्रक से टकराकर पलट गया, जिससे बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में बोलेरो चालक तेज नारायण साह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की गश्ती टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें डीएमसीएच, दरभंगा रेफर कर दिया। दरभंगा में इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्तमान में एनएच-27 पर यातायात सामान्य रूप से संचालित है। क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। वरीय पुलिस अधीक्षक ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।



