
रोहतास में CM सम्राट ने किया खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन, 400 करोड़ की योजनाओं की सौगात
रोहतास, 06 अक्टूबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड अंतर्गत करुप पंचायत स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में नवनिर्मित खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उनकी पढ़ाई व विज्ञान के प्रति रुचि के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विभिन्न विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया। कक्षाओं में जाकर शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों से भी संवाद किया।
विद्यालय परिसर में जीविका, कृषि, स्वास्थ्य, ऊर्जा, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। इस दौरान लगभग 400 करोड़ रुपये की विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया गया।
सेवा सेतु अभियान एवं सहयोग शिविर के उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को विकसित कर अगले पांच वर्षों में पर्यटकों की संख्या 50 हजार से बढ़ाकर 5 लाख करने का लक्ष्य है। अगले मार्च तक सासाराम और औरंगाबाद शहरों तक सोन नदी का पानी पहुंचाने का कार्य पूरा किया जाएगा।



