
MADHUBANI;- राजनगर में 9.2 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त
मधुबनी- 06 अक्टूबर। राजनगर थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.2 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 4.60 लाख रुपये आंकी गई है।
एसएसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार रोटी टीओपी में तैनात एसआई सर्वी कुमार टीम के साथ गौसनगर कब्रिस्तान के पास वाहन चेकिंग के दौरान भगवतीपुर की तरफ से आ रही काले रंग की स्कॉर्पियो का चालक पुलिस को देखकर तेजी से गौसनगर की ओर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो चालक गाड़ी लेकर गौसनगर में मो. बारीक के घर में घुस गया। पुलिस ने घेराबंदी कर स्कॉर्पियो को कब्जे में लिया। गाड़ी में तीन लोग सवार थे, जिनकी पहचान विनोद कामत (रजवारा, बाबूबरही), मो. मेहबूब (गौसनगर, राजनगर) और रंजीत कुमार (संतु नगर, मधुबनी) के रूप में हुई।
निशानदेही पर मो. बारीक के घर के गोइठा वाले दालान में जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाए गए 3 पैकेट गांजा और मिले। कुल वजन 9.200 किलोग्राम निकला। पूछताछ में विनोद ने बताया कि वह नेपाल के कमलपुर से सिकेन्द्र यादव से गांजा लाकर मो. बारीक और मो. महबूब को देता है। पहले भी कई बार सप्लाई कर चुका है। विनोद का पूर्व में शराब तस्करी के दो मामलों में आपराधिक इतिहास भी रहा है। इस संबंध में राजनगर थाना में मामला दर्ज कर तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।



