
MSME के लिए 10 हजार करोड़ का ग्रोथ फंड बनाएगी केंद्र सरकार, कैबिनेट से मंजूरी
नई दिल्ली- 06 अक्टूबर। छोटे और मंझोले उद्यमों को आसान पूंजी उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार लघु एवं मध्यम उद्यम विकास कोष (SGF) बनाएगी। इसके लिए सरकार विभिन्न निवेश कोषों के जरिए 10 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में पत्रकार वार्ता में सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी दी।
वैष्णव ने कहा कि अभी ज्यादातर इक्विटी सहायता शुरुआती और सूक्ष्म उद्यमों को मिलती है। नया फंड व्यवहारिक MSME के लिए ग्रोथ कैपिटल की कमी को पूरा करेगा। यह फंड विशेष रूप से टियर-2 और टियर-3 शहरों के औद्योगिक समूहों में मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े MSME पर फोकस करेगा।
इस कोष से उद्यमों को विस्तार, नई टेक्नोलॉजी अपनाने और ग्लोबल मार्केट में एंट्री में मदद मिलेगी। इससे उत्पादकता और निर्यात प्रतिस्पर्धा बढ़ने की उम्मीद है। यह फैसला केंद्रीय बजट 2026-27 में MSME इकोसिस्टम के लिए इक्विटी और ऋण सुलभता बढ़ाने की घोषणा के तहत लिया गया है।



