
MADHUBANI:- पंडौल के श्रीपुर हाटी दक्षिणी पंचायत में PM आवास योजना में अनियमितता का आरोप, SDM से जांच की मांग
मधुबनी- 06 अक्टूबर। मधुबनी जिले के पंडौल प्रखंड अंतर्गत श्रीपुर हाटी दक्षिणी पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची प्रकाशन में अनियमितता का मामला सामने आया है। पंचायत के पूर्व पंचायत समिति सदस्य क्षेत्र संख्या-02, मनोज कुमार झा ने इस संबंध में सदर अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर भौतिक जांच की मांग की है।
आवेदन में मनोज झा ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि पद पर पदस्थापित व्यक्ति के परिवार में 3-3 लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया है। कई ऐसे लाभार्थी हैं जिनके पास पक्का मकान, चार चकिया गाड़ी है और जो ITR भी जमा करते हैं, उनका भी चयन इस योजना में कर दिया गया है। जबकि पंचायत के कई गरीब लाभार्थी हैं जो इस योजना से वंचित हो गए हैं।
आवेदक ने आरोप लगाया है कि इससे स्पष्ट होता है कि आवास सहायक एवं एकल पदधारक जनप्रतिनिधि की मिलीभगत से इस योजना का बंदरबांट किया जा रहा है। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी से निवेदन किया है कि अपने स्तर से भौतिक जांच कराकर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ उचित व्यक्ति तक पहुंचाने की कृपा की जाए।



