
मधुबनी के युवा चित्रकार चंद्रकांत कुमार बारी ने विदेश तक लहराया परचम
मधुबनी- 06 अक्टूबर। शहर के कोतवाली चौक बारी टोल निवासी युवा मधुबनी चित्रकार चंद्रकांत कुमार बारी ने अपनी कला से मधुबनी का नाम देश-विदेश में रोशन किया है। महज 14 साल की उम्र से मधुबनी पेंटिंग शुरू करने वाले चंद्रकांत को इस कला में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है।
कोरोना काल में जब पूरी दुनिया मास्क पहन रही थी, तब चंद्रकांत ने मधुबनी पेंटिंग की आकृतियों वाले मास्क बनाकर लोगों में जागरूकता फैलाई, जिसकी खूब सराहना हुई थी। उनकी कलाकृतियां सामाजिक घटनाओं, लोकगीतों और मिथिला की सांस्कृतिक परंपराओं से प्रेरित होती हैं। वे पारंपरिक और समकालीन दोनों विषयों पर काम करते हैं।
देश-विदेश में लगीं 13 बड़ी प्रदर्शनियां—
चंद्रकांत की पेंटिंग 2018 से 2025 तक नई दिल्ली, जयपुर, कोलकाता, दरभंगा, बेतिया और अमेरिका के मिशिगन स्टेट यूनिवर्सिटी तक 13 बड़ी प्रदर्शनियों में लग चुकी हैं। हाल ही में 2025 में हैदराबाद में देवत्वम प्रदर्शनी में उनकी कला को सराहा गया।
11 बड़े सम्मान मिले—
उन्हें 2019 में नेशनल बेस्ट आर्टिस्ट अवार्ड, स्वदेश गौरव सम्मान, कलाम यूथ लीडरशिप अवार्ड और 2017, 18, 19 में लगातार तीन बार जिला युवा महोत्सव में प्रथम पुरस्कार मिला है। उनका नाम गोल्ड बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा उन्हें 2019-2022 तक युवा कलाकार छात्रवृत्ति (SYA) भी प्रदान की गई है।



