
बाढ़ पर CM सम्राट ने की समीक्षा बैठक, 12 अक्टूबर को मिलेगी अनुग्रहिक राहत राशि
पटना- 06 अक्टूबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में बाढ़ 2026 की स्थिति एवं इससे हुई क्षति को लेकर समीक्षा बैठक की।
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ से हुई क्षति का विस्तृत आकलन कर शीघ्र प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को 12 अक्टूबर को अनुग्रहिक राहत राशि वितरित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग को सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर बाढ़ से हुई क्षति एवं पुनर्स्थापन में होने वाले व्यय का आकलन कर अतिशीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि नदी तल में गाद का जमा होना बाढ़ के प्रमुख कारणों में से एक है। बिहार देश का पहला राज्य है जिसने गाद नीति बनाई है। बाढ़ के प्रभाव को कम करने और स्थायी समाधान की दिशा में राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।



