
MADHUBANI: मंत्री लेसी सिंह, कहा- जीविका ने 1.88 करोड़ महिलाओं को बनाया आत्मनिर्भर, 20 साल बेमिसाल कार्यक्रम संपन्न
मधुबनी- 02 अक्टूबर। गांधी जयंती के अवसर पर बिहार के सभी 38 जिलों के साथ मधुबनी में भी ‘नीतीश संवाद: जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम संपन्न हो गया। जनता दल यूनाइटेड महिला प्रकोष्ठ के बैनर तले यह कार्यक्रम मधुबनी के रांटी स्थित एक कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री सह मधुबनी जिला प्रभारी लेसी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ बाबूबरही विधायक मीना कामत और मधुबनी जीविका के डीपीएम भी उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष विक्रमशिला देवी, जिला परिषद सदस्य सईदा बानो सहित जिले के कई जदयू नेता व कार्यकर्ता सहित भारी संख्या में महिलाऐं मौजुद थीं।

जदयू महिला प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित इस महोत्सव में जिले भर से करीब 2000 से अधिक जीविका दीदियों ने भागीदारी की। कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने अपनी सफलता की कहानी, आत्मनिर्भरता और सामाजिक-आर्थिक बदलाव के अनुभव साझा किए।
मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि वर्ष 2006 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शुरू किया गया जीविका कार्यक्रम आज महिला सशक्तिकरण का सबसे बड़ा आंदोलन बन चुका है।

उन्होंने कहा कि जीविका के माध्यम से बिहार की ग्रामीण महिलाएं न सिर्फ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि सामाजिक निर्णयों में भी उनकी भूमिका मजबूत हुई है। प्रदेश स्तर पर 13 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 1.88 करोड़ से ज्यादा महिलाएं जीविका से जुड़कर आत्मनिर्भर बनी हैं।
विधायक मीना कामत ने कहा कि मधुबनी जिले में जीविका समूहों ने महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के साथ-साथ परिवार और समाज को भी सशक्त किया है।



