
राइजिंग बिहार इन्वेस्टर समिट-2026: CM सम्राट बोले- बिहार निवेश के लिए तैयार, हर सुविधा देंगे
पटना- 01 अक्टूबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ताज सिटी सेंटर, पटना में राइजिंग बिहार इन्वेस्टर समिट-2026 के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार निवेश के लिए पूरी तरह तैयार है। राज्य में सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी ढांचे को तेजी से विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों से बिहार में निवेश का आह्वान किया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि नालंदा-विक्रमशिला, मगध-पाटलिपुत्र, भगवान बुद्ध-महावीर और गुरु गोविंद सिंह से जुड़ी विरासत बिहार की पहचान है। बिहार केवल संस्कृति नहीं, ज्ञान और आर्थिक विकास की ऐतिहासिक भूमि रही है।
उन्होंने कहा कि 14 करोड़ की आबादी को कमजोरी नहीं, आर्थिक शक्ति के रूप में देखना चाहिए। यह देश के लिए बड़ा बाजार है। सरकार का लक्ष्य है कि लोगों को मजदूरी के लिए पलायन न करना पड़े।
सीएम ने कहा कि पहले बिहार में 8000 किमी सड़क नेटवर्क था, जो आज 1.5 लाख किमी हो गया है। बिजली उपलब्धता 2005 में 500 मेगावाट थी, जो अब 10 हजार मेगावाट से अधिक है। 5 साल में 20 हजार मेगावाट करने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि उद्योगों के मानक अनुरूप उत्पादों की 25 प्रतिशत खरीद बिहार सरकार करेगी। खरीद नीति में संशोधन किया जा रहा है। होटल, पर्यटन, ईको टूरिज्म, रोप-वे और जल परिवहन में निवेश की व्यापक संभावना है। पटना से गंगा के ऊपर सोनपुर बाबा हरिहरनाथ मंदिर तक रोप-वे परियोजना पर पहल हो रही है।
बाढ़-सुखाड़ पर उन्होंने कहा कि गंगा, कोसी, गंडक के जल प्रबंधन के लिए दीर्घकालीन योजना जरूरी है। कोसी क्षेत्र में औद्योगिक कॉरिडोर और टाउनशिप की संभावना पर काम होगा।



