
MADHUBANI:- लूट की योजना बना रहा यूवक हथियार के साथ गिरफ्तार, तीन फरार
मधुबनी- 02 अक्टूबर। जिले के फुलपरास थाना पुलिस ने हथियार के बल पर लूटपाट की योजना को नाकाम किया है तथा अवैध देशी कट्टा एवं कारतूस के साथ 01 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार किया है। फुलपरास थाना की पुलिस टीम गश्ती एवं छापामारी के लिए क्षेत्र में रवाना हुई थी, इसी क्रम में फुलपरास थाना क्षेत्र के धर्मडिहा फील्ड स्थित रामबहादुर कामत के घर के समीप संदिग्ध अवस्था में चार युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस वाहन को देखते ही वे सभी भागने लगे।
तदोपरांत पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर तीन अन्य युवक मौके से फरार हो गए। पकडे युवक की पहचान फुलपरास थाना क्षेत्र के धर्मडिहा निवासी करण कुमार पिता संतोष कामत के तौर पर हुई है। वहीं फरार व्यक्ति की पहचान भवेश कुमार कामत, सुमन कुमार कामत एवं राहुल कुमार उर्फ मनी के रूप में की गई। पकड़े गए युवक की विधिवत तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक देशी कट्टा एवं जींस के पॉकेट से एक कारतूस बरामद किया गया।
तदोपरांत पुलिस द्वारा बरामद अवैध हथियार एवं कारतूस को विधिवत जब्त कर गिरफ्तार युवक को थाना लाया गया। पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान अभियुक्त द्वारा स्वीकार किया गया कि सभी चारों व्यक्ति अंधराठाढ़ी इंद्र पूजा मेला घूमने जाने एवं रास्ते में राहगीरों से हथियार दिखाकर छिनतई-लूटपाट करने की योजना बना रहे थे।
इस संबंध में फुलपरास थाना कांड संख्या-402/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। तथा घटना में शामिल फरार तीनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु संभावित ठिकानों पर छापामारी जारी है।



