
BIHAR:- दरभंगा के मेघना गांव में जनाजा रोकने के मामला में अल्पसंख्यक आयोग ने DM-SSP से मांगी रिपोर्ट, कार्रवाई का निर्देश
पटना- 01 अक्टूबर। दरभंगा जिले के मेघना गांव में मुस्लिम समुदाय के व्यक्ति के जनाजे को कथित रूप से रोके जाने के मामले को बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने गंभीरता से लिया है। आयोग के अध्यक्ष मौलाना गुलाम रसूल बलियावी ने दरभंगा के जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक को त्वरित जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया है।
आयोग द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया एवं विभिन्न माध्यमों से मिली सूचना के अनुसार एक मुस्लिम व्यक्ति के इंतकाल के बाद बारिश के कारण जनाजे को वैकल्पिक रास्ते से कब्रिस्तान ले जाने का प्रयास किया गया, तो स्थानीय स्तर पर कथित रूप से रास्ता रोक दिया गया। मजबूरी में जनाजे को खेत और नदी पार कर कब्रिस्तान ले जाना पड़ा।
मौलाना बलियावी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार करने तथा धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करने का अधिकार संविधान ने दिया है। अंतिम संस्कार में बाधा गंभीर विषय है। इससे सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
आयोग ने प्रशासन से कहा है कि जांच में यदि किसी की संलिप्तता मिले तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए कब्रिस्तान तक जाने वाले रास्ते के विवाद का स्थायी समाधान निकाला जाए। आयोग ने दरभंगा प्रशासन से एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।



