
MADHUBANI:- जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ, 100 स्कूलों के 3000 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
मधुबनी- 01 अक्टूबर। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय जिला स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ पंडौल उच्च विद्यालय प्रांगण में हुआ। उद्घाटन उप विकास आयुक्त, जिला कला एवं संस्कृति सह खेल पदाधिकारी, आरएन कॉलेज पंडौल की खेल प्रभारी सरिता कुमारी और राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका मीनाक्षी कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
स्वागत संबोधन में जिला खेल पदाधिकारी नीतीश कुमार ने कहा कि विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं प्रतिभा पहचानने का बड़ा माध्यम हैं। बड़ी संख्या में भागीदारी से साफ है कि मधुबनी में प्रतिभा की कमी नहीं है। डीडीसी ने कहा कि लक्ष्य जिला या राज्य तक नहीं, बल्कि एशियाई और ओलंपिक खेलों तक होना चाहिए। बच्चों को निरंतर अभ्यास और तकनीक पर ध्यान देना होगा।
जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि 1 से 3 अक्टूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता पंडौल उच्च विद्यालय, खेल भवन, नगर भवन, राजनगर प्लस टू उच्च विद्यालय और माउंट कार्मेल जयनगर सहित विभिन्न स्थलों पर हो रही है। इसमें 100 से अधिक सरकारी और निजी विद्यालयों के करीब 3000 खिलाड़ी अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में 15 खेल विधाओं में हिस्सा ले रहे हैं। यहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी दरभंगा में प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। शुरुआत में आम्रपाली कला केंद्र की प्राची झा और दिव्या झा ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। अंत में गुब्बारे उड़ाकर और हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया।
मौके पर खेल शिक्षक सुनील कुमार ठाकुर, वीरेंद्र यादव, रंजीत कुमार, वासी अख्तर, आरती कुमारी, अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और प्रशिक्षक मौजूद थे।



