
सर सैयद अहमद खान को भारत रत्न से सम्मानित करे केंद्र सरकार : नजरे आलम
दरभंगा- 01 अक्टुबर। ऑल इंडिया मुस्लिम बेदारी कारवां के राष्ट्रीय अध्यक्ष नजरे आलम ने महान शिक्षाविद, समाज सुधारक एवं अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के संस्थापक सर सैयद अहमद खान (1817–1898) को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किए जाने की मांग की है।
नजरे आलम ने कहा कि सर सैयद अहमद खान ने भारतीय समाज में आधुनिक शिक्षा और सामाजिक सुधार की अलख जगाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। अलीगढ़ आंदोलन के माध्यम से उन्होंने शिक्षा को सामाजिक बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम बनाया, जिसका प्रभाव आज भी देश में दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि सर सैयद अहमद खान को 1888 में ब्रिटिश सरकार द्वारा ‘नाइट कमांडर ऑफ द स्टार ऑफ इंडिया’ की उपाधि से सम्मानित किया गया था, जिसके बाद उनके नाम के साथ ‘सर’ की उपाधि जुड़ी। लेकिन स्वतंत्र भारत में उनके ऐतिहासिक शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान के बावजूद उन्हें अब तक ‘भारत रत्न’ से सम्मानित नहीं किया गया है।
नजरे आलम ने कहा कि किसी महान व्यक्तित्व का सम्मान केवल किसी एक समुदाय का विषय नहीं, बल्कि देश के इतिहास, शिक्षा और सामाजिक विकास में उसके योगदान को मान्यता देने का विषय है। इसलिए केंद्र सरकार को सर सैयद अहमद खान के योगदान पर गंभीरता से विचार करते हुए उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करने की दिशा में पहल करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया मुस्लिम बेदारी कारवां इस मांग को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से राष्ट्रीय स्तर पर उठाता रहेगा।



