
दिल्ली को जाम से मिलेगी मुक्ति, 1789 करोड़ की AI वाली ट्रैफिक योजना को कैबिनेट की मंजूरी
नई दिल्ली- 30 सितंबर। राजधानी दिल्ली में अब ट्रैफिक जाम से जल्द राहत मिलेगी। केंद्र सरकार ने दिल्ली के लिए इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) को मंजूरी दे दी है। इसके लिए 1,789.52 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक में बुधवार को इस प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नेशनल मीडिया सेंटर में इसकी जानकारी दी।
क्या होगा इस सिस्टम में ?
1. AI वाले सिग्नल: 2,242 महत्वपूर्ण ट्रैफिक कॉरिडोर पर AI आधारित सिग्नल लगेंगे, जो ट्रैफिक देखकर खुद ही ग्रीन-रेड लाइट का टाइम बदल देंगे।
2. एम्बुलेंस को मिलेगा ग्रीन कॉरिडोर: सिस्टम खुद एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड जैसी इमरजेंसी गाड़ियों को पहचान कर उन्हें प्राथमिकता देगा।
3. जाम और हादसे की तुरंत जानकारी: कहां जाम है, कहां एक्सीडेंट हुआ है, सिस्टम तुरंत पकड़ लेगा और ड्राइवरों को डायवर्जन और पार्किंग की लाइव जानकारी मोबाइल पर मिलेगी।
कैसे लागू होगी योजना—
इस प्रोजेक्ट में 1,092 एडेप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम और 1,029 प्रवर्तन स्थल बनाए जाएंगे। इसे अगले 2 साल में 3 चरणों में लागू किया जाएगा, साथ ही 5 साल तक इसका मेंटेनेंस भी शामिल है।
सरकार का दावा है कि इस सिस्टम से दिल्ली में ट्रैफिक 30% तक स्मूथ होगा और प्रदूषण में भी कमी आएगी।



