
पंजाब का अगला चुनाव ‘नशा’ बनाम ‘भाजपा’ होगा, 2029 तक पंजाब को चिट्टा मुक्त करेंगे, जालंधर में बोले अमित शाह
चंडीगढ़/जालंधर- 30 सितंबर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को जालंधर में ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन पर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा अगला पंजाब विधानसभा चुनाव नशे के मुद्दे पर लड़ेगी और सरकार बनने पर 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशा मुक्त कर दिया जाएगा।
भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला—
शाह ने कहा – जो लोग दिल्ली में शराब घोटाला करते हैं, वो पंजाब को नशामुक्त क्या करेंगे? जो नशे का कारोबार रोक नहीं सकते, वो पंजाब को नहीं बचा सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि 3 साल में पंजाब सरकार ने एंटी-ड्रग्स की एक भी बैठक नहीं की। केंद्र के NCB ऑफिस खोलने के प्रस्ताव को राज्य सरकार ने ठुकरा दिया। 26 फसलों पर MSP, 25 लाख नौकरी और 16 मेडिकल कॉलेज के वादे पूरे नहीं हुए।
भाजपा का वादा—
— नशा कारोबारियों पर सबसे सख्त कार्रवाई, सबको जेल भेजा जाएगा।
— शाह ने माताओं-बहनों को भरोसा दिया कि 2029 के बाद आपके बच्चों को चिट्टा देने वाला कोई नहीं बचेगा।
— युवाओं को नशे से निकालकर रोजगार दिया जाएगा और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता मिलेगी।
गृहमंत्री ने कहा कि पंजाब के जवान देश की सुरक्षा करते हैं। किसान देश का पेट भरते हैं, ऐसे पंजाब को नशे के दलदल में नहीं रहने दिया जाएगा।
गौरतलब है कि भाजपा की यह ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ 18 सितंबर को शुरू हुई थी, जिसने 4 चरणों में 117 विधानसभा और करीब 4000 किमी का सफर तय किया।



