
HARIYANA:- अंबाला में बड़ा हादसा, धूलकोट में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरी, 6 मजदूरों की मौत, 11 घायल
अंबाला- 28 सितंबर। हरियाणा के अंबाला शहर के धूलकोट में एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत भरभरा कर गिर गई। हादसे में कुल 17 मजदूर मलबे के नीचे दब गए। इस दर्दनाक हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 11 मजदूर घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही NDRF और SDRF की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। घंटों चले अभियान के बाद सभी मजदूरों को मलबे से निकाला गया।
अंबाला की सीएमओ डॉ. रेनू चावला ने बताया कि घायलों को तुरंत अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां 7 मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि 5 घायलों का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं 4 मजदूरों को ब्रॉट डेड लाया गया था, जिनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए शिफ्ट कर दिया गया है। अस्पताल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है।
सूचना मिलते ही अंबाला के पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि मलबे से 13 से 14 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया है। पूरा जिला प्रशासन राहत कार्य में जुटा हुआ है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर बिल्डिंग मालिक और ठेकेदार की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।



