
मोदी सरकार हर घर तक नल से जल पहुंचाने के लिए संकल्पितः नड्डा
नई दिल्ली- 08 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा केन-बेतवा प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन की मंजूरी दिए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से मोदी सरकार हर घर नल से जल पहुंचाने के लिए संकल्पित है।
नड्डा ने ट्वीट कर कहा, “ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने केन-बेतवा प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन को स्वीकृति दी। इस परियोजना के माध्यम से करीब 62 लाख लोगों को पीने के पानी की सुविधा के साथ-साथ बड़े पैमाने पर बिजली का उत्पादन होगा। मोदी सरकार, हर घर नल से जल पहुंचाने के लिए संकल्पित है।”
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में मंत्रिमंडल के एक और फैसले की सराहना करते हुए कहा, “सभी भाई-बहनों को आवास सुनिश्चित करने के लिए मंत्रिमंडल द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना – ग्रामीण को मार्च 2024 तक जारी रखने के फैसले का मैं स्वागत करता हूँ। अभी तक इस योजना के तहत डेढ़ करोड़ से अधिक लोगों को आवास दिए जा चुके हैं। मोदी सरकार, हर सिर पर छत देने के लिए प्रतिबद्ध है।”



