
बेगूसराय:- व्यवसायी के घर हुए डाका कांड में दोनों थानाध्यक्ष लाइन हाजिर
बेगूसराय-08 दिसंबर। बेगूसराय नगर थाना के समीप व्यवसायी के घर हुई भीषण डकैती कांड में नगर थानाध्यक्ष एवं रतनपुर ओपी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
एसपी अवकाश कुमार ने बुधवार की देर शाम बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग से अनुमोदन प्राप्त करने के बाद दोनों पर कार्रवाई की गई है। नगर थानाध्यक्ष अभय शंकर कुमार तथा रतनपुर ओपी प्रभारी सुधा कुमारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि तेघड़ा अंचल के पुलिस निरीक्षक रामनिवास को बेगूसराय नगर थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। जबकि नगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) परशुराम सिंह को रतनपुर ओपी का प्रभारी बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विशेष कार्य पदाधिकारी राजेश कुमार राय को तेघड़ा अंचल का पुलिस निरीक्षक बनाया गया है।
एसपी ने बताया कि दोनों पदाधिकारियों को 24 घंटे के अंदर पुलिस लाइन में योगदान करने तथा सात दिनों के अंदर सभी तरह का प्रभार संबंधित थाना प्रभारी को देने का आदेश दिया गया है। उल्लेखनीय है कि बीते रविवार की सुबह नकाबपोश बदमाशों ने बेगूसराय नगर थाना क्षेत्र से मात्र दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित आभूषण और कपड़ा के बड़े व्यवसायी कपिलेश्वर मंडल के घर पर हमला कर दिया था। जिसमें उनके पुत्र राजीव मंडल को घायल करने के साथ परिवार के सभी लोगों को बंधक बनाकर 50 लाख से अधिक की संपत्ति लूट ली।
घटना से आक्रोशित व्यवसायियों ने स्वर्ण आभूषण की दुकानें बंद रखी तथा व्यवसायी महासंघ ने 48 घंटे के अंदर अपराधियों को गिरफ्तार करने का अल्टीमेटम दिया था। लेकिन पुलिस की कई विशेष टीम द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई के बाद भी सफलता नहीं मिल सकी है। जिसके बाद नगर थाना एवं रतनपुर प्रभारी ओपी प्रभारी पर कार्रवाई की गई है। गुरुवार को घटना से आक्रोशित व्यवसायी मशल जुलूस निकालेंगे। वहीं, संभावना जताई जा रही है कि पुलिस को भी लगातार किए जा रहे छापेमारी में कुछ सफलता हाथ लग सकती है। फिलहाल जिला मुख्यालय के इस दोनों थाना प्रभारी के लाइन हाजिर होने से व्यवसायियों तथा आम लोगों में व्यवस्था बदलने की कुछ आशा जगी है।



