
उपद्रवियों के हमले में युवा अधिवक्ता रिनिमा बेगम की मौत
बरपेटा (असम)- 22 मार्च। निचले असम के बरपेटा जिले में तीन उपद्रवियों की ओर से किये गये हमले में युवा महिला अधिवक्ता की रविवार की रात को मौत हो गयी। घटना को लेकर इलाके में भारी प्रतिक्रिया व्याप्त है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बरपेटा जिला अदालत से अपने कार्य को समाप्त कर रिनिमा बेगम अपनी कार से घर पहुंचीं। वहां से अपनी बड़ी बहन का इलाज कराने के लिए अस्पताल गयीं। जब रिनिमा अस्पताल से घर लौट रही थीं,उसी दौरान गुवाहाटी-बरपेटा रोड पर बरपेटा पुलिस थाने के पास दौलाहाल बिलरटारी में तीन उपद्रवियों ने कार रोककर रिनिमा पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में रिनिमा पूरी तरह लहुलूहान हो गयीं। हमला के बाद तीनों हमलावर बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गये।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायल अधिवक्ता को बरपेटा जिला स्थित फकरुद्दीन अली अहम मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में भर्ती कराया,जहां चिकित्सकों ने अधिवक्ता को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की बड़ी बहन ने बताया कि लंबे समय से भूमि विवाद को लेकर मामला चल रहा था। संभवतः रिनिमा की हत्या इसके मद्देनजर की गयी है। पुलिस ने इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना को लेकर बरपेटा के अधिवक्ता समाज में भारी नाराजगी देखी जा रही है। घटना ने पूरे असम में हलचल और प्रतिक्रिया पैदा कर दी है।



