
ईलाज के लिए यूक्रेन से अमेरिका लाए गए कैंसर पीड़ित 4 बच्चे
वाशिंगटन- 22 मार्च। युद्धग्रस्त यूक्रेन के चार कैंसर पीड़ित बच्चों को मंगलवार को उपचार के लिए पोलैंड से सीधे विमान के ज़रिए अमेरिका लाया गया है। उन्हें यहां के कैंसर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दरअसल, यूक्रेन में रूसी सेना अस्पतालों पर बमबारी कर रही है। इन अस्पतालों में भर्ती रहे नौ महीने से नौ वर्ष के बीच के चार बच्चों को तत्काल गहन उपचार की ज़रूरत बताई जा रही थी। अमेरिकी विदेश विभाग ने एक बयान में बताया है कि इन बच्चों और इनके अभिभावकों को यूक्रेन से पोलैंड लाया गया, जहां से उन्हें मेमफिस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लाया गया और सेंट जुडे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके लिए बच्चों के अभिभावकों को भी सभी अपेक्षित सुविधाएं दी जा रही हैं।
सेंट जुडे बच्चों के कैंसर का एक बड़ा अस्पताल है। इस संबंध में अस्पताल के प्रेसिडेंट जेम्स आर. डाउनिंग ने कहा है कि मानवीय सेवाओं के लिए यह अस्पताल दुनिया के किसी भी कोने के मरीज़ों के लिए तत्पर रहता है।



