
अग्निपथ योजना: कांग्रेस का आरोप- जन विरोध को दबाने के लिए सेना को ढाल बना रही भाजपा
शिमला- 20 जून। अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला ने केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह अग्निपथ योजना के जन विरोध को दबाने के लिये सेना को अपनी ढाल बनाकर सेना की गरिमा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सेना में अग्निपथ योजना देश व युवा हित में नहीं है।
सोमवार को पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत में शुक्ला ने कहा कि भाजपा की हठ से देश आज बहुत ही बुरे दौर से गुजर रहा है। पहले कृषि कानून को लेकर किसानों को आंदोलन करना पड़ा अब अग्निपथ को लेकर देश के युवाओं में भारी आक्रोश है। राजीव शुक्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा ने आज देश की सेना की साख को भी दाव पर लगा दिया है। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार सेना में चार सालों के लिए भर्ती करना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जिसे कभी सहन नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि युवाओं का इस योजना का विरोध वाजिब है और सेना में भर्ती पूरे समय के लिए की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की आवाज को नहीं दबा सकती।



