भागलपुर- 09 जनवरी। बिहार में कांग्रेस की भारत जोड़ो पदयात्रा बीते 5 जनवरी से शुरू हुई है। सोमवार को यह यात्रा भागलपुर से खगड़िया के लिए रवाना हो गई।
उल्लेखनीय हो कि इस पद यात्रा का शुभारंभ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने की थी। इस पद यात्रा को सफल बनाने के लिए बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कई नेता और कार्यकर्ताओं ने इसमें हिस्सा लिया है।
बिहार में यह पदयात्रा बांका के मंदार पर्वत से शुरू हुई और इसका समापन बोध गया में होगा। 54 किलोमीटर की दूरी बांका से तय करते हुए भागलपुर पहुंची भारत जोड़ो पदयात्रा में शामिल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज भागलपुर शहर के कई चौक चौराहे होते हुए राष्ट्रीय एकता को समर्पित करते हुए सभी मंदिर, मस्जिद और गिरजाघरों में पूजा अर्चना की और भागलपुर होते हुए नवगछिया के लिए रवाना हुए। बिहार में भारत जोड़ो पदयात्रा को लेकर भक्त चरण दास ने कहा कि यह यात्रा पूरे भारतवर्ष का नक्शा बदल देगी। जितनी भी भ्रष्टाचार और महंगाई फैली हुई है। उस पर नकेल कसेगा।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक सरगर्मी इस कदर कांग्रेस के प्रति सजग हो गई है कि लोग 2024 के चुनाव में इसका परिणाम दिखाएगी और बीजेपी को सत्ता से उखाड़ फेकेंगे। कांग्रेस बड़ी पार्टी में तब्दील होकर सत्ता में आएगी और भारत के प्रधानमंत्री राहुल गांधी होंगे। राहुल गांधी ने एक अलग पहचान दी है। विधायक अजीत शर्मा ने कहा कि बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने का काम करेगी यह यात्रा।
