बेगूसराय- 06 अक्टूबर। बेगूसराय गुरुवार को तालाब (चौर) के पानी में स्नान करने के दौरान डूबकर एक युवक एवं उसके दो सालियों की मौत हो गई। घटना बखरी थाना क्षेत्र के घाघरा पंचायत स्थित बदिया गांव के बरार चौर की है। मृतक युवक की पहचान चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के खैरा निवासी मुन्ना यादव तथा बदिया निवासी सुरेन्द्र यादव की 11 वर्षीय पुत्री छोटी कुमारी एवं सकलदेव यादव की दस वर्षीय पुत्री चांदनी कुमारी के रूप में किया गया है। तीन लोगों के डूबने का हल्ला होते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी तथा स्थानीय गोताखोर की मदद से तीनों शव को पानी से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया है।

घटना की जानकारी मिलते ही बखरी विधायक सूर्यकांत पासवान, बखरी बीडीओ मनोरमा कुमारी, सीओ शिवेंद्र कुमार सहित पुलिस प्रशासन ने परिजनों को सांत्वना देते हुए उचित सहायता का आश्वासन दिलाया है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के खैरा निवासी मुन्ना यादव अपने ससुर बदिया निवासी बौआराम यादव के यहां दुर्गा पूजा में आया था। गुरुवार की दोपहर में वह बरार चौर के किनारे था, इसी दौरान उसकी चचेरी साली छोटी एवं चांदनी स्नान करने के दौरान गहरे खाई में चले जाने से डूबने लगी। दोनों बच्ची द्वारा शोर मचाने पर मुन्ना उसे बचाने गया था। जहां कि दोनों बच्ची द्वारा शरीर पकड़ लिए जाने से तीनों डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है।
