[the_ad id='16714']

प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे झारखंड, रांची में किया रोड शो

रांची- 14 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय झारखंड दौरे पर मंगलवार की रात विशेष विमान से रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सहित भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री का काफिला राजभवन की ओर निकला। रांची के चौक-चौराहों पर लोगों ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया। प्रधानमंत्री का फूलों की वर्षा करके रांची वासियों ने जोरदार स्वागत किया।

एयरपोर्ट से लेकर राजभवन तक लाखों लोगों की भीड़ प्रधानमंत्री मोदी को देखने के लिए जुटी थी। लोग प्रधानमंत्री मोदी की एक झलक पाने को आतुर दिखे। प्रधानमंत्री ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। जहां से भी प्रधानमंत्री गुजरे नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद और जय श्री राम के गगनभेदी नारे लगे।

प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर जगह-जगह भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई थी। झारखंड पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान भी मुस्तैद थे।

प्रधानमंत्री के स्वागत में लगे दिखे भाजपा कार्यकर्ता

प्रधानमंत्री के रांची आगमन को देखते प्रदेश भाजपा के बड़े से लेकर छोटे नेताओं में गजब का उत्साह देखते बना। अलग-अलग चौक-चौराहों पर पार्टी की ओर से उनके स्वागत की तैयारी दिखी। एयरपोर्ट, हिनू चौक, बिरसा चौक, डीपीएस स्कूल के सामने, अरगोड़ा चौक, भाजपा कार्यालय के सामने, हरमू चौक, सहजानंद चौक, किशोरगंज चौक और एलपीएन शाहदेव चौक पर भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ता उनके स्वागत में तत्पर दिखे।

पार्टी विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल सहित अन्य के अलावा पार्टी पदाधिकारी भी इस दौरान मुस्तैद दिखे। इस रूट पर जगह-जगह पार्टी की ओर से बैनर, पोस्टर, झंडे भी लगाये गये थे। जय श्रीराम, मोदी मोदी के नारे के अलावा भाजपा कार्यकर्ता, महिलाएं देशभक्ति गानों पर थिरक भी रही थीं। चौक चौराहे पर भाजपा की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। पुष्प वर्षा के लिए भी पार्टी कार्यकर्ता दोपहर से तत्पर दिख रहे थे।

प्रधानमंत्री राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे। वह बुधवार (15 नवंबर) को जेल मोड चौक स्थित बिरसा मुंडा स्मृति पार्क में सुबह 9 बजे जाएंगे। वहां करीब 15 मिनट रुकने के बाद बिरसा मुंडा एयरपोर्ट जाने का कार्यक्रम तय है। वहां से वे हेलिकॉप्टर से बिरसा मुंडा के गांव उलिहातू जाएंगे। वहां बिरसा मुंडा के परिजनों से मिलेंगे। ऐसा पहली बार होगा जब बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को कोई प्रधानमंत्री खूंटी में होंगे।

परिजनों से मिलने के बाद प्रधानमंत्री खूंटी फुटबॉल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शरीक होंगे। इस दौरान जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर 24 हजार करोड़ रुपये के पीएम पीवीटीजी (विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह) विकास मिशन को लॉन्च करेंगे। विकसित भारत संकल्प यात्रा को वे हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान की 15वीं किस्त उनके हाथों जारी होगी। झारखंड की 7200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा सभा स्थल पर बने स्टॉल का पीएम निरीक्षण भी करेंगे, जहां केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े स्टॉलों का जायजा लेंगे। यहां मुख्य रूप से जेएसएलपीएस से जुड़े तीन स्टॉल, ट्राईफेड, वन धन विकास केंद्र, प्रसंस्करण इकाई, डेमो स्टॉल सहित कुल 45 स्टॉल लगाए गये हैं। खूंटी में प्रोग्राम समाप्त होने के बाद वहां से हेलीपैड से रांची एयरपोर्ट आएंगे। यहीं से दिल्ली वापस लौट जाएंगे।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Rashifal

error: Content is protected !!