
कलुआही के बख्शी टोल में बनेगा 50 बेड का मां रुक्मिणी वृद्धाश्रम, नवंबर में होगा भूमिपूजन: मोद नारायण झा
मधुबनी- 14 सितंबर। जिले के कलुआही प्रखंड के बख्शी टोल में असहाय और बेसहारा बुजुर्गों के लिए एक बड़ी पहल शुरू होने जा रही है। यहां मां रुक्मिणी वृद्धाश्रम की स्थापना की जाएगी। 50 बेड क्षमता वाले इस वृद्धाश्रम का भूमिपूजन नवंबर महीने में किया जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए मां रुक्मिणी वृद्धाश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष मोद नारायण झा ने बताया कि यह वृद्धाश्रम पीड़ित,असहाय और बेसहारा वृद्धजनों के लिए वरदान साबित होगा।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में कई बुजुर्ग अपने ही परिवार में उपेक्षा के शिकार हो रहे हैं। ऐसे में उन्हें सम्मान, स्नेह और सुरक्षित आश्रय देना हम सभी का कर्तव्य है। वृद्धजनों की सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं होता। इसी सोच के साथ ट्रस्ट ने इस वृद्धाश्रम की स्थापना का निर्णय लिया है।
अध्यक्ष ने बताया कि वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के रहने, खाने, स्वास्थ्य जांच, दवाइयों और मनोरंजन की पूरी व्यवस्था निःशुल्क की जाएगी। यहां 24 घंटे देखभाल के लिए कर्मी तैनात रहेंगे। ट्रस्ट का उद्देश्य है कि कोई भी बुजुर्ग खुद को अकेला और असहाय महसूस न करे। भूमिपूजन के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा और जल्द से जल्द इसे सेवा के लिए समर्पित किया जाएगा। इस घोषणा के बाद क्षेत्र के समाजसेवियों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।



