
BIHAR:- मधुबनी पुलिस को बड़ी सफलता, झपट्टा मार गिरोह का पर्दाफाश, सोने की चेन और बाइक के साथ 2 गिरफ्तार
मधुबनी- 14 सितंबर। मधुबनी पुलिस ने झपट्टा मारकर छिनतई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सोने की चेन, बाइक और मोबाइल के साथ दो अभियुक्तों रवि कुमार राय, बिरगंज, थाना-नगवां, जिला-परसा (नेपाल)। वर्तमान पता- मुरलियाचक बजराहा, थाना-पतौना, जिला-मधुबनी (ससुराल में रहता था) तथा राजेश कुमार राय, मुरलियाचक बजराहा, थाना-पतौना, जिला-मधुबनी (रवि का साला) को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि गिरोह पहले से ही कई मामलों में वांछित है।
जिसमें जयनगर थाना कांड सं.-173/2026, आरएस शिविर थाना कांड सं- 91/2026, दिनांक-10.08.2026, बेनीपुर थाना (दरभंगा) कांड सं-195/26 शामिल है।
इनके पास से 1 सोने की चेन, 1 बाइक, 1
मोबाइल बरामद किया गया।
दिनांक 13.09.2026 को नगर थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन मधुबनी के पास सब्जी मंडी में बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एक वृद्ध महिला के गले से सोने की चेन झपट्टा मारकर छीन ली और भाग गए। सूचना पर थानाध्यक्ष दल-बल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। रास्ते में प्रधान डाकघर, मधुबनी के पास देखा कि भीड़ ने एक व्यक्ति को घेर रखा है। शोरगुल हो रहा है। पूछने पर स्थानीय लोगों ने बताया कि यही वह व्यक्ति है जो वृद्ध महिला की चेन झपटकर भाग रहा था, इसके अन्य साथी भाग गए हैं और इसे खदेड़कर पकड़ा गया है। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम रवि कुमार राय बताया। उसने स्वीकार किया कि वह अपने साले राजेश और अन्य दोस्तों के साथ मिलकर चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता है। वादी के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
SSP ने बनाई विशेष टीम:
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मुरलियाचक बजराहा स्थित ठिकाने पर छापेमारी कर दूसरे अभियुक्त राजेश कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटी गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली गई है। पुलिस अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।



