पाकिस्तान में बाढ़ के बाद मलेरिया का संकट, भारत से 62 लाख मच्छरदानियां खरीदेगा

इस्लामाबाद- 11 अक्टूबर। बाढ़ और आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान को अब मलेरिया जैसी बाढ़ जनित बीमारियों के खतरे का सामना करना पड़ रहा है। इससे बचने के लिए पाकिस्तान ने भारत से 62 लाख मच्छरदानियां खरीदने का फैसला किया है। इसके लिए पाकिस्तान सरकार ने मंजूरी दे दी है। इसके लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन आर्थिक सहायता देगा।

पाकिस्तान में आई बाढ़ देश के लिए मुसीबत बन गयी है। वहां लगातार मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियां लोगों को परेशान कर रही हैं। हालात ये हैं कि अपने नागरिकों को मच्छरों से बचाने के लिए पाकिस्तान के पास मच्छरदानियां तक नहीं हैं। इस कारण बीते दिनों पाकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने सरकार से भारत से मच्छरदानियां खरीदने की अनुमति मांगी थी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने पत्र में कहा था कि बाढ़ प्रभावित सिंध और बलूचिस्तान प्रांतों में पिछले दो माह में दो लाख लोग मलेरिया से संक्रमित हो चुके हैं। मलेरिया का प्रसार लगातार बढ़ रहा है, इसलिए तुरंत मच्छरदानियों की जरूरत है।

अब पाकिस्तान सरकार ने भारत से 62 लाख मच्छरदानियां खरीदने की अनुमति दे दी है। पाकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ प्रभावित 32 जिलों में तेजी से मलेरिया फैल रहा है और हजारों बच्चे मलेरिया के शिकार हो रहे हैं। इससे बचाव के लिए भारत से मच्छरदानियां खरीदने का फैसला लिया गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से इसके लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!