
JDU को झटका, पूर्व राष्ट्रीय सचिव संजय वर्मा ने पार्टी से दिया इस्तीफा, सियासी चर्चा तेज
पटना- 01 सितंबर। जनता दल यूनाइटेड (JDU) को आज बड़ा झटका लगा है। पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय सचिव संजय वर्मा ने JDU की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने के बाद JDU के अंदर सियासी चर्चा तेज हो गई है। संजय वर्मा ने अपना इस्तीफा पत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को भेजा है।
अपने इस्तीफे में उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व की तारीफ भी की है। पत्र में लिखा है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में समाजवादी विचारधारा और उसके मूल्यों को बिहार और देश में आगे बढ़ाया जा रहा है। समानता पर आधारित समाज बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने पार्टी की मौजूदा स्थिति पर टिप्पणी करते हुए लिखा कि JDU आज राज्य में ऊंचाई पर है, लेकिन उनके जैसे जमीन से जुड़े साधारण कार्यकर्ता पार्टी की इस ऊंचाई तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। एक साधारण कार्यकर्ता पार्टी की वर्तमान ऊंचाई तो दूर उसके नीचे के बादलों तक को भी छू पाने में खुद को असमर्थ महसूस कर रहा है।



