
मधुबनी:- 50 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो धंधेबाज धराया
मधुबनी- 01 सितंबर। 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के एफ समवाय, कमला के सीमा चौकी बेतौन्हा तथा बिहार पुलिस, जयनगर की संयुक्त विशेष गश्ती टीम द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 50 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद की गई। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। 01 सितंबर 2026 को सीमा चौकी बेतौन्हा एवं बिहार पुलिस जयनगर की संयुक्त विशेष गश्ती टीम द्वारा अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 269/6 से लगभग 02 किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में कमलाबाड़ी रोड, बेला बांध के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से लगभग 50 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा संदिग्ध नशीला पदार्थ, नेपाली मुद्रा 21,000/- (NPR) तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद संदिग्ध नशीले पदार्थ की मौके पर ND डॉग स्क्वाड के माध्यम से जांच कराई गई, जिसमें नशीले पदार्थ की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए बरामद पदार्थ को जब्त किया गया।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान विकास कुमार यादव, उम्र 19 वर्ष, पुत्र रामजुलाम यादव तथा अशोक कुमार यादव, उम्र 26 वर्ष, पुत्र प्रमोद यादव, दोनों निवासी उराही, थाना बाबूबरही, जिला मधुबनी, बिहार के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि उक्त संदिग्ध ब्राउन शुगर को फुलपरास, जिला मधुबनी निवासी मो. अनवर, जो मूल रूप से मालदा, पश्चिम बंगाल का निवासी बताया गया है, से प्राप्त किया गया था। इसे नरार, मधुबनी निवासी राजेश को सौंपने के लिए ले जाया जा रहा था। पूछताछ में दोनों के द्वारा कूरियर के रूप में कार्य करने की जानकारी सामने आई है।
48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए सशस्त्र सीमा बल द्वारा बिहार पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों एवं तस्करी नेटवर्क के विरुद्ध सूचना आधारित कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।



