[the_ad id='16714']

देश के सबसे गर्म 5 शहरों में मध्य प्रदेश के 3 शहर

भोपाल- 28 अप्रैल। मध्य प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है, जिसके चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। यहां अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। गुरुवार को देश के सबसे गर्म पांच शहरों में मध्य प्रदेश के तीन शहर शामिल रहे। इनमें राजगढ़ अधिकतम तापमान 45.7 और खजुराहो तथा नौगांव में 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश में बीते तीन दिन से आसमान साफ होने के बाद लगातार तापमान में इजाफा हो रहा है। भोपाल मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि गुरुवार को मध्य प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि देश के टॉप पांच गर्म शहरों में मध्यप्रदेश के तीन शहर शामिल रहे। गुरुवार को उत्तर प्रदेश का इलाहबाद देश का सबसे गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 45.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद राजस्थान का गंगानगर और मध्यप्रदेश का राजगढ़ 45.7 डिग्री तापमान के साथ दूसरे नंबर पर रहा। मध्य प्रदेश के दो शहर खजुराहो और नौगांव में 45.6-45.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र के जलगांव में 45.6 डिग्री तापमान दर्ज किया, जबकि मध्यप्रदेश के ग्वालियर में तापमान 45 डिग्री पर पहुंच गया। खंडवा में 45.1, खरगौन में 45.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

उन्होंने बताया कि अगले तीन दिन तक मप्र के कई शहरों में लू का प्रकोप रहेगा और मई में तो पारा 47 डिग्री तक जा सकता है।

भोपाल मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि अभी मौसम पूरी तरह साफ है और सभी पश्चिमी विक्षोभ पूरी तरह खत्म हो चुके हैं। इसके चलते मौसम में नमी भी पूरी तरह से खत्म होने से हवाएं सूखी और अधिक गर्म हो गई है, जिसके चलते प्रदेश में लू के हालात बन गए हैं। अगले तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा। इस दौरान तापमान में इजाफा होने के साथ-साथ लू का प्रकोप भी बढ़ जाएगा। ऐसे में लोगों को दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचना चाहिए।

उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान में गुरुवार को भी बढ़ोतरी हुई। अभी तीन दिन तक तापमान नीचे आने की उम्मीद नहीं है। ऐसे में इंदौर और भोपाल में भी यह 45 डिग्री सेल्सियस छू सकता है। प्रदेश के शेष इलाकों में तो यह 46 डिग्री के पार तक जा सकता है।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!