[the_ad id='16714']

ऑपरेशन कावेरी: फ्लाइट से 246 भारतीय सूडान से मुंबई पहुंचे, अब तक 1100 नागरिक वतन लौटे

मुंबई- 27 अप्रैल। सूडान में फंसे भारतीयों को भारत लाने के लिए शुरू किये गए ‘ऑपरेशन कावेरी’ के तहत 246 नागरिकों को वायु सेना के विमान से गुरुवार को मुंबई एयरपोर्ट पर लाया गया। यहां पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विशेष प्रयास से सूडान में फंसे 1100 भारतीयों को भारत लाया जा चुका है।

विदेश मंत्री जयशंकर ने गुरुवार को ट्वीट किया, “एक और ऑपरेशन कावेरी विमान मुंबई आया। 246 और भारतीय मातृभूमि लौट आए।” केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने कहा कि “गुरुवार को भारतीय वायु सेना के विमान से ‘ऑपरेशन कावेरी’ के तहत संघर्षग्रस्त सूडान से 128 भारतीय नागरिक सऊदी अरब के जेद्दा पहुंचे। मुरलीधरन ने अधिकारियों के साथ जेद्दा में भारतीय नागरिकों की अगवानी की।”

मुरलीधरन कहा कि जेद्दा पहुंचे भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द भारत भेजने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें जेद्दा में भारतीय नागरिकों को विमान से उतरते हुए दिखाया गया है।मुरलीधरन ने एक अन्य ट्विट में बताया कि “ऑपरेशन कावेरी तेज गति से जारी है। जेद्दा में 297 भारतीयों को नौसेना के जहाज आईएनएस तेग से लाए जाने की खुशी है। इस दूसरे जहाज और कुल छह बैचों में लगभग 1,100 भारतीय सूडान से जेद्दा पहुंच गए हैं। आज जेद्दा पहुंचने वालों की भारत वापसी शीघ्र ही शुरू होगी।”

जेद्दा बंदरगाह पर भारतीय नागरिकों की अगवानी के बाद मंत्री मुरलीधरन ने उनसे बातचीत की और उन्हें भारत सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने सूडान से जेद्दा आए भारतीयों से कहा कि मैं यहां हूं और आपको सूडान से वापस आते हुए देखकर अच्छा लगा। उन्होंने कहा, “मैं यहां आप सभी को पीएम मोदी की शुभकामनाएं देने आया हूं। उन्होंने कहा है कि दुनिया में जहां भी भारतीय परेशान हैं, उन्हें बचाने की जिम्मेदारी भारत सरकार की है।”

सूडान से आये एक भारतीय नागरिक ने नौसेना को धन्यवाद देते हुए कहा, “देश के असली नायकों ने हमें बचाया और हमें किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। हम अब जेद्दा पहुंच गए हैं, जहां से हम अपने घर जाएंगे। हम अपने प्रधान मंत्री के प्रति आभारी हैं।” सूडान से लाये गए भारतीयों को एक ऑडिटोरियम में रखा गया है, जहां वे आगे की सहायता के लिए इंतजार कर रहे हैं। यह ऑडिटोरियम भारतीय नौसेना की प्रशंसा के नारों से गूंज उठा।

नौसेना के मुताबिक ऑपरेशन कावेरी के तहत सूडान से भारतीय नागरिकों की त्वरित और सुरक्षित निकासी के लिए नौसेना और वायु सेना की संपत्तियों को पोर्ट सूडान की ओर मोड़ दिया गया। आईएनएस तेग ने पोर्ट सूडान से 297 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालकर जेद्दा पहुंचाया। भारतीय नौसेना के युद्धपोतों से आने वाला यह दूसरा बैच है। 278 भारतीयों का पहला बैच 26 अप्रैल को आईएनएस सुमेधा से जेद्दा लाया गया था।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!