
पत्रकार आवास योजना पर प्रमुख सचिव से प्रेस क्लब पदाधिकारियों की मुलाकात, सरकार एक्शन मोड में
जयपुर- 12 अप्रैल। बहुप्रतीक्षित पत्रकार आवास योजना को लेकर प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने मंगलवार को यूडीएच प्रमुख सचिव कुंजी लाल मीणा से सचिवालय में मुलाकात की। मीणा ने आवास योजना के लिए सरकार की ओर से सकारात्मक रूख बताते हुए कहा कि इसे जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा।
प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेश मीणा मंगलवार को अपने पदाधिकारियों के साथ प्रमुख सचिव से मुलाकात करने पहुंचे। उन्होंने प्रमुख सचिव को बताया कि आवास योजना का पत्रकारों को बेसब्री से इंतजार है। आवास योजना के लिए जिन स्थानों का चयन किया गया है उसका भी वे जल्द दौरा करेंगे। प्रमुख सचिव ने क्लब पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि सरकार के स्तर पर इस मामले में किसी भी रूप में कमी नहीं आने दी जाएगी।
अध्यक्ष मुकेश मीणा ने बताया कि जयपुर के दांतली-सरोली, बगराना, नींदड़ में आवास को लेकर जगह की तलाश की गई है। इस संबंध में जेडीए के अधिकारियों, कमेटी के सदस्यों के साथ सामंजस्य कर वे योजना को मूर्त रूप देने में अपना हर संभव योगदान देंगे। इस अवसर पर प्रेस क्लब के महासचिव रघुवीर जांगिड़, कोषाध्यक्ष राहुल गौतम, उपाध्यक्ष गिरिराज गुर्जर भी मौजूद थे।



