
मधुबनी बाईपास निर्माण कार्य में आएगी तेजी, भूमि अधिग्रहण के लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का DM ने दिया निर्देश
मधुबनी- 29 अगस्त। जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने शनिवार को एनएच-527A के अंतर्गत लगभग 5.27 किलोमीटर लंबाई वाले मधुबनी बाईपास निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं कार्यों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बतादें कि यह परियोजना भारतमाला परियोजना के अंतर्गत उमगांव से सहरसा पैकेज-1 (संयुक्त), सेक्शन-III से संबंधित है। निरीक्षण के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के प्रतिनिधि ने जिला पदाधिकारी को परियोजना की वर्तमान स्थिति एवं निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी दी।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित कार्यकारी एजेंसी एवं संवेदक को निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए तथा निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के क्रम में भूमि अधिग्रहण एवं अन्य स्थानीय समस्याओं की भी समीक्षा की गई। उन्होंने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को भूमि अधिग्रहण से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि बाईपास निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित संवेदक को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना से जुड़े लंबित मुद्दों के त्वरित समाधान के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि मधुबनी बाईपास परियोजना जिले की एक महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजना है। इसके पूर्ण होने से शहर में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को सुगम एवं बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसी को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान फहीमुद्दीन अंसारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, मधुबनी; अभिलेख राज, अभियंता, NHAI PIU-मधुबनी; प्रवीन तिवारी, प्रोजेक्ट इन-चार्ज, संवेदक एजेंसी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



