
कोरांव के बड़ोखर में हुई हत्या का खुलासा, 3 गिरफ्तार
प्रयागराज- 28 अगस्त। जनपद के कोरांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़ोखर में 19-20 अगस्ती की रात्रि हुई हत्या में तीन अभियुक्तों को बड़ोखर के भोगन पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से पुलिस ने दो अवैध तमंचा .315 बोर, तीन जिन्दा कारतूस व घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।
एसपी क्राइम सतीश चन्द्र ने रविवार को उक्त घटना का खुलासा करते हुए बताया कि बड़ोखर की साबा बानो की हत्या में प्रभारी निरीक्षक कोरांव धीरेन्द्र कुमार सिंह एवं प्रभारी एसओजी यमुनापार रणजीत सिंह के नेतृत्व में सर्विलांस सेल के सहयोग से गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने बताया कि पकड़े गये अभियुक्त तनवीर पुत्र मो.हसन निवासी बड़ोखर, सूरज कोल पुत्र दशरथ कोल निवासी दादर कोरांव एवं शमसाद उर्फ अजहरूद्दीन पुत्र अमीरूद्दीन निवासी बड़ोखर हैं। एक अन्य अभियुक्त विजय मुसहर पुत्र बड़कू निवासी सिनहा नई बस्ती रीवा मप्र की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।
एसपी क्राइम ने बताया कि पूछताछ के मुताबिक ये लोग घर में चोरी के उद्देश्य से घुसे थे। तनवीर व शमसाद ने छत के रास्ते चढ़ कर घर में प्रवेश किया और पीछे का दरवाजा खोल दिया। उसी दरवाजे से सूरज कोल व विजय मुसहर घुसे। इस दौरान साबा बानो के जागने से तनवीर ने उसका मुंह दबा लिया और विजय ने चाकू से उसका गला काट कर हत्या कर दी। इसके बाद चारों डर कर वहां से भाग गये थे।



