बिहार

PATNA:- संदिग्ध परिस्थितियों में 4 युवकों की मौत, जहरीली शराब की आशंका

पटना, 30 अगस्त। जिले के बाढ़ अनुमंडल के बेढना गांव के सैदपुर टोला में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में चार युवकों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी में मौत की वजह जहरीली शराब पीना बताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

मृतकों की पहचान रामाकांत सिंह के पुत्र शशि कुमार, बिरजू राम के पुत्र विकास राम, नंदे सिंह के पुत्र पंकज सिंह और राजू सिंह के पुत्र निशु कुमार के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बाढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रामकृष्ण ने बताया कि चार युवकों की मौत की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है, जिसके बाद मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल सकेगा।

स्थानीय लोगों के अनुसार, चारों की मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि युवकों ने कथित तौर पर जहरीली शराब का सेवन किया था। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन को जाम कर दिया। इससे सड़क पर यातायात बाधित हो गया। ग्रामीण मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और कथित शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की बिक्री जारी है। उनका कहना है कि अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लगने के कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मृतकों ने क्या सेवन किया था और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौतें जहरीली शराब के सेवन से हुईं या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!