
MADHUBANI:- सड़क हादसे में दो सगे भाई की दर्दनाक मौत
मधुबनी, 27 मई। जिला के राजनगर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान रहिका थाना क्षेत्र के सप्ता गांव निवासी 28 वर्षीय किशोरी दास और 35 वर्षीय श्री चंद दास के रूप में हुई है। दोनों भाई मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे और टाइल्स लगाने का काम करते थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार की देर शाम दोनों भाई काम करने के बाद पैसा लेकर घर लौट रहे थे। करीब 8ः15 बजे राजनगर थाना क्षेत्र के बेलवार पवन चौक स्थित भट्ठा के पास अचानक एक तेज रफ्तार ऑटो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों भाई सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं ड्यूटी पर मौजूद पुलिस जवानों ने इंसानियत दिखाते हुए बिना देर किए दोनों घायलों को सदर अस्पताल मधुबनी पहुंचाया, परंतू अस्पतला के चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के दो बेटों की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। इधर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और ऑटो की पहचान करने का प्रयास कर रही है।



