
ट्रेन में मौलाना तौसीफ रजा की संदिग्ध मौत पर सांसद जावेद ने उठाए सवाल
किशनगंज- 01 मई। किशनगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने ठाकुरगंज प्रखंड के भोगडावर पंचायत निवासी मौलाना मो. तौसीफ रजा की संदिग्ध मौत के मामले को लेकर मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है।
उन्होंने इस घटना की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा और मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि मौलाना तौसीफ रजा सिवान में इमामत का कार्य करते थे और उर्स-ए-ताजुश्शरिया में शामिल होने के लिए बरेली गए थे। 26 अप्रैल 2026 को वे ट्रेन संख्या 04314 (ऋषिकेश एक्सप्रेस) के जनरल कोच से बरेली से सिवान लौट रहे थे। आरोप है कि यात्रा के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने उनके साथ लूटपाट का प्रयास किया और बेरहमी से मारपीट की।
पत्र के अनुसार, घटना के दौरान मौलाना ने अपनी पत्नी को फोन कर जानकारी दी, जिसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। बाद में उनकी लाश बरेली कैंट स्टेशन के पास से बरामद हुई। स्थानीय सुरक्षा बल द्वारा मामले को दुर्घटना बताया जा रहा है, जबकि परिजन और सोशल मीडिया पर इसे पीट-पीटकर हत्या का मामला बताया जा रहा है।
सांसद ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मृतक का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है, ऐसे में उन्हें आर्थिक सहायता और नौकरी देना जरूरी है। सांसद ने मुख्यमंत्री से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का अनुरोध किया है।



