
MADHUBANI: लखनौर में 1.40 लाख लूट की झूठी कहानी का पर्दाफाश, स्टाफ समेत 3 गिरफ्तार, 1.39 लाख बरामद
मधुबनी 25 अगस्त। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार लखनौर थाना पुलिस ने लूट की झूठी कहानी रचकर रुपए हड़पने की साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 1,39,540 रुपए के साथ दुकान के स्टाफ समेत 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।दिनांक 23.08.2026 को लखनौर थानाध्यक्ष को प्रवीण कुमार खेतान ने लिखित आवेदन दिया था। प्रवीण अपने घर पर बिस्कुट का थोक व्यापार करते हैं।
उन्होंने एक साल से अपने दुकान पर स्टाफ के रूप में मो. अमजद, पिता अबुल हसन, कन्हौली, झंझारपुर को रखा था। 23 अगस्त को प्रवीण ने अमजद को बेलही गांव में किराना दुकानदार गुलाब यादव से 1,40,000 रुपए वसूली के लिए भेजा था। वापस आकर अमजद ने कहा कि दैयाखरबार और बलभद्रपुर के बीच कमला नदी के पूर्वी तटबंध पर 2-3 लड़कों ने पिस्टल दिखाकर रुपए छीन लिए। प्रवीण को अपने ही स्टाफ पर शक हुआ। आवेदन के आधार पर लखनौर थाना कांड संख्या-141/26 दिनांक 23.08.2026 धारा-316(4)/318(4)/61(2) BNS के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
अनुसंधान में जब स्टाफ मो. अमजद से कड़ाई से पूछताछ हुई तो उसने साजिश कबूल कर ली। उसने बताया कि उसने अपने दो साथियों चंदु राउत उर्फ गुनेश्वर कुमार राउत, मो. समीर के साथ मिलकर रुपए गायब करने का प्लान बनाया था। मो. अमजद के निशानदेही पर दोनों को गिरफ्तार किया गया। चंदु राउत के पास से 1,37,800 रुपए और समीर के पास से 1,740 रुपए बरामद हुए। तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।



