
DARBHANGA:- जिले में 28 स्थानों पर विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन
दरभंगा, 25 अगस्त।सात निश्चय-3 के अंतर्गत “सबका सम्मान, जीवन आसान” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास, मोगलपुरा, दरभंगा के साथ साथ जिले के अन्य विद्यालयों में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रड्डी, सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत तथा छात्रावास के छात्र द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी सहयोग शिविर कार्यक्रम जिले में जिले में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन 28 स्थानों पर किया गया।
इस अवसर पर कहा गया कि विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन प्रत्येक माह के अंतिम मंगलवार को किया जाएगा,ताकि छात्र-छात्राओं की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग सही दिशा में करें। विद्यार्थी सहयोग शिविर बिहार सरकार की एक महत्वपूर्ण एवं महती पहल है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा है।
उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं किसी भी समय विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से अपनी समस्या के संबंध में आवेदन कर सकते हैं। बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि माता-पिता अपने बच्चों को गांव से दूर बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद के साथ भेजते हैं। इसलिए विद्यार्थियों को अपने माता-पिता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी लगन और मेहनत से अध्ययन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी सही दिशा में नियमित एवं अनुशासित होकर पढ़ाई करेंगे, तो सफलता अवश्य प्राप्त होगी। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया,विशेषकर अनावश्यक रील्स एवं अन्य मनोरंजनात्मक गतिविधियों में अधिक समय व्यतीत करने से बचने तथा अपने समय और ऊर्जा का सदुपयोग पढ़ाई एवं अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में करने की सलाह दी।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों द्वारा जिन शैक्षणिक समस्याओं की शिकायत की जा सकती है, उनमें समय पर कक्षाओं का संचालन नहीं होना, प्राध्यापकों/शिक्षकों का समय पर कक्षा में नहीं पहुँचना अथवा अनुपस्थित रहना,समय पर परीक्षा का संचालन नहीं होना, परीक्षाफल का समय पर प्रकाशन नहीं होना तथा अनाधिकृत फीस/शुल्क की वसूली जैसी समस्याएँ शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त कक्षाओं में बिजली,बैठने की व्यवस्था एवं प्रयोगशालाओं की समुचित व्यवस्था से संबंधित समस्याओं को भी पोर्टल एवं विद्यार्थी सहयोग शिविर के माध्यम से दर्ज कराया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि कॉलेज एवं विद्यालयों में पेयजल,शौचालय, साफ-सफाई,कोचिंग व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था से संबंधित शिकायतों को भी संबंधित स्तर पर रखा जा सकता है, ताकि उनका नियमानुसार समाधान कराया जा सके।
वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रड्डी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने भविष्य एवं करियर के प्रति सजग रहें तथा नशे जैसी बुराइयों से स्वयं को दूर रखें। उन्होंने रैगिंग से पूरी तरह दूर रहने की भी अपील की और कहा कि शिक्षण संस्थानों एवं छात्रावासों में अनुशासन, सौहार्द एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों की समस्याओं एवं सुझावों को सुना तथा उन्हें अपनी समस्याओं को उचित माध्यम से दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव सहित संबंधित पदाधिकारी, छात्रावास के कर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित थे।



