
BIHAR:- विष्णुपद मंदिर परिसर के विकास के लिए 3516 करोड़ मंजूर, काशी कॉरिडोर की तर्ज पर होगा निर्माण
पटना- 16 सितंबर। बिहार सरकार ने गया जी के विश्वप्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर और आसपास के क्षेत्र के समग्र विकास के लिए बड़ी पहल की है। पर्यटन विभाग ने दो बड़ी योजनाओं के लिए कुल 3,516.05 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इसमें विष्णुपद मंदिर परिसर के विकास के लिए 2,520 करोड़ और सोन-फल्गु नदी जोड़ योजना के लिए 996.05 करोड़ शामिल हैं। बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि विष्णुपद मंदिर गया की धार्मिक, ऐतिहासिक और पौराणिक पहचान है। पितृपक्ष मेले में यहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं। इतनी बड़ी राशि से मंदिर क्षेत्र का आधुनिक सुविधाओं के साथ समग्र विकास होगा। डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि विष्णुपद मंदिर परिसर का विकास काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर होगा। योजना में मल्टीलेवल कार पार्किंग 1 और 2- एलिवेटेड पथ, मनसरवा-मानपुर ब्रिज और रैंप, घाटों का विकास, डोरमेट्री, कैंटीन पैदल यात्री पुल, प्रतिमा निर्माण, पीएफसी सीता कुंड का निर्माण होगा। क्रियान्वयन बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड करेगा।
सोन-फल्गु नदी जोड़ योजना—
इसके तहत इंद्रपुरी बैराज से 23 किमी अपस्ट्रीम में एक इनटेक वेल बनेगा। सोन नदी से पानी उठाकर 11 किमी लंबी पाइपलाइन से उत्तर कोयल मुख्य नहर के 32.77 किमी बिंदु पर डाला जाएगा। इससे फल्गु नदी में जल प्रवाह बना रहेगा और पिंडदान-तर्पण के लिए श्रद्धालुओं को सुविधा होगी। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि इन योजनाओं से गयाजी को विश्वस्तरीय धार्मिक-आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी औरत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया।



