
नेपाल में अब पासपोर्ट साथ रखने की जरूरत नहीं, विदेशी पर्यटक मोबाइल ऐप पर दिखा सकेंगे डिजिटल पासपोर्ट
काठमांडू- 16 सितंबर। नेपाल घूमने आने वाले विदेशी पर्यटकों के लिए बड़ी सुविधा शुरू होने जा रही है। नेपाल के आव्रजन विभाग ने ‘पासपोर्ट-फ्री ट्रैवल’ की अवधारणा लागू करने की तैयारी की है। इसके तहत पर्यटकों को यात्रा के दौरान अपने साथ पासपोर्ट की मूल कॉपी रखने की जरूरत नहीं होगी। विभाग के निदेशक टीकाराम ढकाल के मुताबिक, पर्यटकों को ‘डिपार्टमेंट ऑफ इमिग्रेशन’ मोबाइल ऐप में लॉगिन कर अपने पासपोर्ट की जानकारी दर्ज करनी होगी।
ऐप पर प्रदर्शित डिजिटल पासपोर्ट विवरण को नेपाल के सभी संबंधित निकायों में मान्यता दी जाएगी। शुरुआत में नेपाल प्रवेश के समय पर्यटक को आव्रजन कार्यालय में पासपोर्ट दिखाकर मोबाइल ऐप में लॉगिन करना होगा। उसके बाद नेपाल में यात्रा के दौरान पासपोर्ट साथ रखने की बाध्यता खत्म होगा। जांच के दौरान पर्यटक मोबाइल में ऐप के जरिए डिजिटल विवरण दिखा सकेंगे। विभाग का कहना है कि वर्तमान में हिमालय में पर्वतारोहण के दौरान भी पर्यटकों को पासपोर्ट साथ रखना पड़ता है, जिससे खोने का डर बना रहता है।
नई व्यवस्था से पर्यटकों को सुविधा होगी और सरकार के लिए डिजिटल ट्रैकिंग भी आसान होगी। तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रस्ताव मंजूरी के लिए गृह मंत्रालय को भेज दिया गया है। प्रवक्ता ढकाल ने बताया कि मंत्रालय से स्वीकृति मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा।



