
CM सम्राट और केंद्रीय मंत्री शिवराज ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वेक्षण, तेरसिया-सढ़ाईपुर में किया स्थलीय निरीक्षण
पटना- 16 सितंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पटना जिले के मनेर और सारण जिले के दिघवारा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड की तेरसिया पंचायत के तेरसिया और सरायपुर गांव का स्थलीय निरीक्षण कर फसल क्षति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों नेता नाव और ट्रैक्टर पर सवार होकर पानी में डूबे गांव और फसलों के बीच पहुंचे। ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और आवेदन पत्र प्राप्त किए। ग्रामीणों ने सड़क ऊंची करने, नई सड़क बनाने और फसल मुआवजे की मांग रखी।

राज्य सरकार द्वारा प्रभावित परिवारों को 7,000 की अंतरिम अनुदान राशि जारी की गई है। सटीक आकलन के बाद किसानों व प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस इलाके में सबसे बड़ी बाढ़ आई है। इस बार वर्ष 2016 से ज्यादा एक फीट पानी आया था। केले और मक्के की फसल पानी में डूबने से खराब हो गई है। पूरे बिहार में करीब 50 लाख लोगों को बाढ़ के कारण घर छोड़ना पड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर केंद्र सरकार की टीम शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में नुकसान का आकलन कर रही है। एक और केंद्रीय टीम भी आएगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय टीम भेजने के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कम्युनिटी किचन, स्वास्थ्य सुविधा, परिवहन के लिए नाव का परिचालन जारी है। इस दौरान एक छोटे बच्चे विशाल कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया, जिसने बाढ़ में अपने गांव के 4 लोगों की जान बचाई थी।



