
महाराष्ट्र में ट्रक से टकराई कार, 4 की मौत, 7 घायल
मुंबई- 16 सितंबर। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मुंबई-नासिक हाईवे पर अटगांव के पास बुधवार को ट्रक और कार के बीच हुई टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हैं। सभी घायलों को शाहपुर जिला उप अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस घटना की गहन छानबीन शाहपुर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना के शिकार हुए सभी लोग मुंबई के जोगेश्वरी इलाके के रहने वाले थे। ये त्र्यंबकेश्वर में भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना करने के बाद बुधवार को मुंबई लौट रहे थे। इसी दौरान अटगांव के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और शाहपुर उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान श्रीराम जायसवाल, आयुष जायसवाल, लाडो जायसवाल और सूरज जायसवाल के रुप में की गई है, जबकि घायलों की पहचान शुभी जायसवाल, शिवम जायसवाल, हशिक जायसवाल, सुनीता जायसवाल, राधिका जायसवाल, सतीश जायसवाल और संतराम जायसवाल के रुप में की गई है। मामले में शाहपुर पुलिस स्टेशन में दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



