
नेपाल में बड़ी तैयारी: माताओं को अब 90 दिन नहीं, 6 महीने मिलेगा मातृत्व अवकाश; पिता को भी 42 दिन की छुट्टी
काठमांडू, 16 सितंबर। नेपाल सरकार मातृत्व और पितृत्व अवकाश की अवधि बढ़ाने जा रही है। मौजूदा व्यवस्था में माताओं को 90 दिन का अवकाश मिलता है, जिसे बढ़ाकर 6 महीने करने का प्रस्ताव है। वहीं पिताओं के लिए 15 दिन के अवकाश को बढ़ाकर 42 दिन किया जाएगा। कानून, न्याय एवं संसदीय मामलों की मंत्री सोविता गौतम ने बताया कि सुरक्षित मातृत्व तथा प्रजनन स्वास्थ्य अधिकार अधिनियम, 2018 में संशोधन के लिए विधेयक तैयार कर लिया गया है। मंत्रालय अब इसे मंत्रिपरिषद के माध्यम से संसद में पेश करने की तैयारी में है।
नया प्रस्ताव में मां को कम से कम 6 महीने का सवेतन मातृत्व अवकाश, पिता को 42 दिन तक का सवेतन प्रसूति देखभाल अवकाश (पितृत्व अवकाश) होगा। मंत्री गौतम ने कहा कि यह सुरक्षित मातृत्व और अभिभावकत्व के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण नीतिगत बदलाव होगा। उन्होंने कहा कि मातृत्व जीवन में एक या दो बार आने वाला विशेष समय है। इस दौरान माता-पिता को नवजात और परिवार के साथ पर्याप्त समय देना राज्य की जिम्मेदारी है। बच्चे को जन्म देना मां से जुड़ी प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन पालन-पोषण केवल मां की नहीं, माता-पिता की साझा जिम्मेदारी है।
मंत्रालय के अनुसार व्यस्त जीवन, काम के बढ़ते दबाव और बदलती जीवनशैली के कारण अधिकांश परिवार अब एक या दो बच्चों तक सीमित हो रहे हैं। ऐसे में नवजात के साथ पर्याप्त समय देने के उद्देश्य से यह प्रस्ताव लाया गया है। विधेयक पारित होने के बाद नेपाल में कामकाजी माता-पिता को बड़ी राहत मिलेगी और यह दक्षिण एशिया में पितृत्व अवकाश के सबसे प्रगतिशील मॉडल में से एक होगा।



