
MADHUBANI:- सदर अस्पताल का मुख्य गेट बना ऑटो स्टैंड, इमरजेंसी मरीजों की अटकी सांस, DM के आदेश के बाद भी जाम, गार्ड भी बेबस
मधुबनी- 24 अक्टूबर। मॉडल सदर अस्पताल के मुख्य गेट पर ऑटो स्टैंड बन जाने से रोजाना अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और परिजनों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है। मुख्य द्वार पर ऑटो चालकों द्वारा लंबी कतारें लगाकर गाड़ियां खड़ी कर दी जाती हैं। सबसे ज्यादा परेशानी आपातकालीन स्थिति में आने वाले गंभीर मरीजों को हो रही है।
स्थानीय लोगों और परिजनों का आरोप है कि अगर कोई राहगीर या मरीज का रिश्तेदार गाड़ी हटाने को कहता है तो चालक मनमानी पर उतर आते हैं और कहासुनी तथा लड़ाई-झगड़ा करने लगते हैं।
गौरतलब है कि जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देश पर मुख्य द्वार को इसीलिए खोला गया था ताकि गंभीर मरीजों को बिना देरी के सीधे अस्पताल में दाखिल कराया जा सके। लेकिन डीएम के इस आदेश का फायदा उठाकर ऑटो चालकों ने मुख्य रास्ते को ही अपना स्थायी स्टैंड बना लिया है।
अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्डों का कहना है कि वे भी कई बार गाड़ियों को हटाने की कोशिश करते हैं, लेकिन चालक उनकी एक नहीं सुनते। गार्डों ने मांग की है कि इस रास्ते पर अविलंब ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए।
गौरतलब है कि पुराने भवन की तरफ जाने वाला दूसरा गेट भी खुला रहता है, लेकिन अधिकतर लोग और मरीज पहले गेट से ही आना-जाना पसंद करते हैं। ऐसे में अस्पताल प्रबंधन ने ट्रैफिक पुलिस से जल्द से जल्द यहां एक पुलिसकर्मी तैनात करने का अनुरोध किया है ताकि रास्ते को जाम मुक्त कराया जा सके और मरीजों की जान जोखिम में न पड़े।



