
MADHUBANI: जयनगर में रंगदारी और फायरिंग करने वाले बदमाशों पर पुलिस का शिकंजा, देशी पिस्टल और 3 जिंदा कारतूस बरामद
मधुबनी -30 अगस्त। वरीय पुलिस अधीक्षक, मधुबनी के निर्देश पर जयनगर थाना पुलिस ने रंगदारी और फायरिंग मामले में त्वरित कार्रवाई की है। दिनांक 28.08.2026 की रात करीब 10:30 बजे जयनगर थाना क्षेत्र के कोरहिया रेलवे हॉल्ट स्थित जनरल स्टोर संचालक लालू कुमार सिंह अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान शराब के नशे में धुत दो युवक गगन यादव एवं रंजीत कुमार यादव दुकान पर पहुंचे और जबरन उधार में कोल्ड ड्रिंक्स मांगने लगे। दुकानदार द्वारा मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि रंजीत कुमार यादव ने कमर से अवैध हथियार निकाल कर दुकानदार की हत्या के इरादे से 3 राउंड फायरिंग कर दी और ग्रामीणों के जुटने पर दोनों मौके से फरार हो गए। इस संबंध में पीड़ित के आवेदन पर जयनगर थाना में कांड सं. 430/26, दिनांक 29.08.2026, धारा- 126(2)/115(2)/351(2)/352/109(1)/3(5) BNS एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। एसएसपी के निर्देश पर जयनगर पुलिस ने नामजद अभियुक्तों के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान अभियुक्त रंजीत कुमार यादव के घर से घटना में प्रयुक्त 01 देशी पिस्टल और 03 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस दबिश के कारण दोनों अभियुक्त फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार सघन छापेमारी की जा रही है। बरामद हथियार को विधिवत जब्त कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।


