
MADHUBANI:- इंद्र पूजा मेले को लेकर रातभर संवेदनशील इलाकों में गश्त करेंः एसएसपी
मधुबनी- 28 सितंबर। जिले में चल रहे इंद्र पूजा एवं मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और मेले के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने रातभर शहर एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पूजा पंडालों और मेला क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक निर्देश दिये। एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात तक संवेदनशील स्थानों पर गश्त की।
इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई और कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गई। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए भीड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। मधुबनी शहर काली मंदिर परिसर एवं सूड़ी स्कूल परिसर में इंद्र पूजा के मेले का आयोजन हो रहा है इसके अलावे जिले के अन्य क्षेत्रों में भी इंद्र पूजा का आयोजन किया जा रहा है। जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पुलिस की ओर से मेला क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग,संदिग्धों की निगरानी तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष चौकसी बरती जा रही है।
एसएसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही मेला समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया। इंद्र पूजा के अवसर पर मेले में मनोरंजन के विभिन्न साधन और बाजार लगाए गए हैं, जिसके कारण शाम से देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी हुई है। ऐसे में पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी का महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है। वरोय पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि मेला एवं पूजा स्थल पर किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।



